मिसाल : हर घर में निशुल्क सैनिटाइजर देंगे ठियोग के युवा

मिसाल : हर घर में निशुल्क सैनिटाइजर देंगे ठियोग के युवा

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला   25-March-2020

कोरोना वायरस से निपटने के लिए हिमाचल की एक पंचायत के युवा अन्य पंचायतों के लिए मिसाल बन गए हैं।

शिमला की ठियोग तहसील के युवाओं ने हर घर में निशुल्क एक-एक सैनिटाइजर भेजने का निर्णय लिया है।

यह युवा अपने व्हाट्सऐप ग्रुप वॉयस ऑफ क्यार पंचायत पर सक्रिय हैं। इसके लिए अंशदान को भी बड़ी संख्या में लोग आगे आ गए हैं।

सोशल मीडिया पर इस समूह के माध्यम से इन युवाओं ने अब तक हजारों रुपये का अंशदान एकत्र करने की पहल की है।

इनमें से कई युवा तो हिमाचल से बाहर भी अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यरत हैं। इन युवकों में राजेश शर्मा, रमेश कमल, ब्रजेश शर्मा, कमल शर्मा, संजय शर्मा आदि ने 1000-1500 रुपये प्रति व्यक्ति अंशदान दिया है।

रमेश कमल और अन्य युवाओं ने इसके लिए आह्वान किया था। इस ग्राम पंचायत में करीब 700 घर हैं।

कमल ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग के सरकार के आदेश के बीच अब तय किया जा रहा है कि घर-घर यह सैनिटाइजर कैसे पहुंचाए जाएं।

इन युवाओं ने लोगों से घर पर ही साफ धोए हुए कपड़ों से मास्क सिलने का भी आह्वान किया है।

इसके लिए पंचायत में दर्जियों से भी अनुरोध किया जा रहा है कि वे कपड़े सिलने के बाद बचे कपड़े का इस्तेमाल कर यह मास्क सिलें। यह जानकारी पंचायत के सांब गांव के युवा संजय शर्मा ने दी।

इसी सोशल मीडिया समूह से जुड़े निजी बस ऑपरेटर संघ के प्रदेश महासचिव और भाजपा के जिला अनुसूचित जाति मोर्चा के महामंत्री रमेश कमल की परिहन मंत्री गोविंद ठाकुर भी पीठ थपथपा चुके हैं। कमल ने निजी बसों को सैनिटाइज करने का भी अभियान चलाया।