थम गया नगर निगम का चुनावी शोर , सात अप्रैल को होगा मतदान

थम गया नगर निगम का चुनावी शोर , सात अप्रैल को होगा मतदान
यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन 05-04-2021
 
हिमाचल प्रदेश में चार नगर निगमों, छह नगर पंचायतों और 128 पंचायत प्रधानों के चुनाव के लिए सोमवार अपराह्न 4 बजे प्रचार थम गया। बुधवार 7 अप्रैल को सुबह 8 से दोपहर बाद 4 बजे तक मतदान होगा। इसके लिए सोमवार को चुनाव आयोग ने अधिकांश पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया। कुल 534 मतदान केंद्रों में 3000 कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। कोरोना संक्रमित वोटरों के लिए 4 बजे के बाद एक घंटे का समय वोट डालने के लिए रखा है। 

सोमवार को प्रचार बंद होने से पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंडी में पार्टी प्रत्याशियों के हक में वोट मांगने के लिए डटे रहे। दूसरी ओर सोलन में कांग्रेस की ओर से रैली का आयोजन किया गया। रैली में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को शामिल होना था, लेकिन वह रैली में नहीं पहुंचे। विधायक विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि डॉक्टरों ने कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए वीरभद्र सिंह को रैली में जाने की इजाजत नहीं दी।
 
चुनाव आयोग ने चार नगर निगमों धर्मशाला, पालमपुर, सोलन और मंडी में चुनाव के लिए कुल 164 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों के लिए मंगलवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। चुनाव से एक दिन पहले सभी मतदान केंद्रों को सैनिटाइज किया जाएगा। वोटरों के खड़े होने के लिए उचित दूरी पर गोले लगाए जाएंगे। मतदान केंद्रों में सुरक्षा बल तैनात होंगे, ताकि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव हो सकें।
 
प्रत्येक मतदान केंद्र में स्वास्थ्य विभाग का एक-एक कर्मचारी पीपीई किट के साथ तैनात रहेगा और कोरोना संक्रमित वोटरों को मतदान कराने में मदद करेगा। वोट डालने से पहले वोटरों की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। राज्य चुनाव आयोग अधिकारी संजीव महाजन ने कहा कि सोमवार अपराह्न 4 बजे के बाद से चुनाव प्रचार थम गया है। दूर के मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री के साथ रवाना कर दिया है।