प्रदेश भर में वन्य जीव विंग के सभी पार्क और अभ्यारण्य अनिश्चितकाल के लिए बंद

प्रदेश भर में वन्य जीव विंग के सभी पार्क और अभ्यारण्य अनिश्चितकाल के लिए बंद

यंगवार्ता न्यूज़ - हमीरपुर    05-05-2021

कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते  प्रदेश भर में हिमाचल वन विभाग में वन्य जीव विंग के तहत आने वाले सभी पार्क और वन्य जीव अभ्यारण्य अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिए हैं। केंद्र सरकार से जारी आदेशों के अनुसार पर्यटकों के लिए सभी उद्यान एवं अन्य संरक्षित क्षेत्र बंद कर दिए गए हैं।

वहीं पार्कों, अभ्यारण्यों और अन्य संरक्षित क्षेत्रों में वायरस न फैले, इसके लिए भी निवारण और उपाय करने के आदेश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। धौलाधार और पौंग डैम वन्य जीव अभ्यारण्य भी बंद कर दिए हैं।

इन क्षेत्रों में कार्यरत सभी कर्मियों की रोजाना थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। अगर कहीं किसी पार्क व अभ्यारण्य क्षेत्र में आंदोलन किया जा रहा है तो उसे भी प्रतिबंधित करने के आदेश हैं। 

जल्द टास्क फोर्स और वेटरनेरी डॉक्टर्स आदि उपलब्ध करने के आदेश पारित हुए हैं, ताकि अगर जानवरों में वायरस फैलता है तो उसका भी समय पर निवारण हो सके। 

वन्य जीव विभाग हमीरपुर के डीएफओ राहुल एम राहणे ने कहा कि केंद्र के आदेशानुसार सभी पार्कों, अभ्यारण्य और अन्य संरक्षित क्षेत्रों को कोरोना के बढ़ते प्रकोप के  चलते बंद करने के आदेश मिले हैं।

इसी कड़ी में बैजनाथ के धौलाधार अभ्यारण्य क्षेत्र व कांगड़ा के पौंग डैम अभ्यारण्य क्षेेत्र को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है।