बर्फ के बीच फंसे 55 पर्यटकों को किया रेस्कयू , प्रशासन ने सुरक्षित पहुंचाया काजा 

अचानक हुई बर्फबारी के कारण बीते 17 अक्तूबर से छतडू, छोटा दड़ा, बातल और चंद्र ताल में फंसे सभी सैलानी छह दिन बाद शुक्रवार को सुरक्षित काजा पहुंचाया

बर्फ के बीच फंसे 55 पर्यटकों को किया रेस्कयू , प्रशासन ने सुरक्षित पहुंचाया काजा 
यंगवार्ता न्यूज़ - केलांग   22-10-2021
 
अभी बरसात का मौसम पूरी तरह से गया भी नहीं कि हिमाचल में हिमपात जानलेवा बन गया है। अचानक हुई बर्फबारी के कारण बीते 17 अक्तूबर से छतडू, छोटा दड़ा, बातल और चंद्र ताल में फंसे सभी सैलानी छह दिन बाद शुक्रवार को सुरक्षित काजा पहुंचाया गया। ये सभी पर्यटक बर्फबारी के बीच रास्ते में एक ट्रक के खराब होने के कारण फंस गए थे।
 
सेना की नागा बटालियन ने लोसर, हल और पंगमो के ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। वहीं, चंद्रताल में फंसे सैलानी 15 किमी पैदल चलकर बातल पहुंचे, जहां चाचा-चाची ढाबे में इन लोगों ने शरण ली।
 
 जिला प्रशासन पहले दावा कर रहा था कि सिर्फ 17 लोग ही फंसे हैं, लेकिन जब लोसर, हल और पंगमो के ग्रामीण कुंजम दर्रा से पैदल बातल पहुंचे तो वाहन फंसे पर्यटकों का जमावड़ा लगा था। इनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं।
 
ग्रामीणों को अपने बीच पाकर पर्यटकों की जान में जान आई। बचाव टीम की अगुवाई स्वयं एसडीएम काजा महेंद्र प्रताप सिंह ने की। उपायुक्त नीरज कुमार लगातार सेटेलाइट फोन से टीम के संपर्क में रहे।
 
डीसी ने बताया कि शुक्रवार को 40 लोगों को सुरक्षित दोपहर तक काजा पहुंचाया गया है, जबकि 15 अन्य सैलानियों को भी शाम तक सुरक्षित काजा लाया गया।
 
करीब 15 ढाबा संचालकों ने फिलहाल बातल से निकलने से मना कर दिया है। उपायुक्त ने कहा कि शनिवार शाम तक कोकसर-ग्रांफू-काजा सड़क मार्ग बहाल कर दिया जाएगा।