राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय वेटलिफ्टरों का शानदार प्रदर्शन,भारत के अचिंता ने जीता गोल्ड मेडल 

राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय वेटलिफ्टरों का शानदार प्रदर्शन जारी है। अब भारत के युवा वेटलिफ्टर अचिंता श्युली ने गोल्ड मेडल जीता है। यह बर्मिंघम 2022 में भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है

राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय वेटलिफ्टरों का शानदार प्रदर्शन,भारत के अचिंता ने जीता गोल्ड मेडल 

न्यूज़ एजेंसी - नई दिल्ली      01-08-2022

राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय वेटलिफ्टरों का शानदार प्रदर्शन जारी है। अब भारत के युवा वेटलिफ्टर अचिंता श्युली ने गोल्ड मेडल जीता है। यह बर्मिंघम 2022 में भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है। 

अचिंता ने यह गोल्ड 73 किलोग्राम भार वर्ग में जीता है। 20 वर्षीय अचिंता ने स्नैच में 143 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 170 किग्रा सहित कुल 313 किलोग्राम के स्कोर के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।

अचिंता ने पहले स्नैच राउंड में 140 किग्रा के प्रयास के साथ राष्ट्रमंडल रिकॉर्ड तोड़ा, लेकिन वह इतने पर नहीं रुके और अपने ही प्रदर्शन को बेहतर करते हुए 143 किग्रा के साथ नया राष्ट्रमंडल रिकॉर्ड स्थापित किया। राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप 2021 के विजेता अचिंता ने क्लीन एंड जर्क में अपने वर्चस्व पर मुहर लगाते हुए 166 किलो भार उठाया। 

अचिंत को टक्कर देते हुए मलेशिया के मोहम्मद एरी हिदायत ने स्नैच में 138 किग्रा का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया था, और स्वर्ण जीतने के लिये उन्हें क्लीन एंड जर्क में 176 किलो का विशाल आंकड़ा छूना था। हिदायत ने 176 का प्रयास भी किया, लेकिन वह असफल रहे। 

बता दें कि भारत अब तक राष्ट्रमंडल खेल 2022 में तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित कुल 6 पदक जीत चुका है। भारत के सभी पदक वेटलिफ्टिंग में आये हैं।