विकास के दम पर 2022 में एक बार फिर हिमाचल में बनेगी भाजपा की सरकार : जयराम 

मुख्यमंत्री ने धर्मपुर में 381 करोड़ रुपये की 96 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए

विकास के दम पर 2022 में एक बार फिर हिमाचल में बनेगी भाजपा की सरकार : जयराम 
मुख्यमंत्री ने धर्मपुर में 381 करोड़ रुपये की 96 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी  29-11-2021

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और राज्य के प्रत्येक क्षेत्र का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
 
वह मंडी जिला के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में 381 करोड़ रुपये की 96 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के अवसर पर लोगों को संबोधित कर रहे थे।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र के लोग भाग्यशाली हैं कि उन्हें प्रदेश विधानसभा में प्रतिनिधित्व के लिए एक करिश्माई और समर्पित नेतृत्व प्राप्त है। उन्होंने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र के लिए आज एक ऐतिहासिक अवसर है जब 381 करोड़ रुपये की 96 विकास परियोजनाएं लोगों को समर्पित की गई हैं।
 
जय राम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 महामारी में विश्व अर्थव्यवस्था को बुरी तरह से झकझोर दिया है और हिमाचल भी इसका अपवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व और राज्य सरकार के सामयिक निर्णयों तथा लोगों की सक्रिय सहभागिता से देश और प्रदेश इस स्थिति से बेहतरीन ढंग से निपटने में सफल रहा है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि महामारी के बावजूद उन्होंने राज्य के 42 विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 4500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है।
 
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल कांग्रेस ने इस आपदा के दौरान कुछ नहीं किया और वे इस संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करने में ही व्यस्त रहे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को याद दिलाते हुए कहा कि महामारी के प्रसार के दौरान प्रदेश में केवल 50 वेंटिलेटर ही उपलब्ध थे जबकि आज एक हजार से अधिक वेंटिलेटर राज्य में उपलब्ध है।
 
जय राम ठाकुर ने कहा कि जल जीवन मिशन प्रदेश के लोगों के लिए वरदान सिद्ध हो रहा है और प्रदेश सरकार अगले वर्ष के मध्य तक राज्य के प्रत्येक घर तक नल से जल उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
 
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गंभीर रूप से बीमार लोगों को बेहतर उपचार सुविधा प्रदान करने के लिए सहारा योजना प्रारम्भ की है जिसके अन्तर्गत प्रतिमाह तीन हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।
 
गृहिणी सुविधा योजना के अन्तर्गत 3.25 लाख परिवारों को निःशुल्क गैस कनैक्शन उपलब्ध करवाए गए हैं। हिमकेयर योजना के तहत पात्र परिवारों को 5.25 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर प्रदान किया जा रहा है और योजना के अन्तर्गत 2 लाख सात हजार परिवारों को लाभ पहुंचा है।
 
वृद्धजनों, विधवा, परित्यक्त और विशेष रूप से सक्षम लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है। बी.पी.एल. परिवारों से संबंधित बेटियों के विवाह पर उन्हें शगुन योजना के अन्तर्गत 31 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है।
 
उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि 50 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस नेताओं ने कभी ऐसी कल्याणकारी योजनाओं पर विचार नहीं किया और वे केवल अपने विकास में ही व्यस्त रहे।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में हुए उप-चुनावों के परिणामों ने कांग्रेस को केवल कुछ समय के लिए खुश होने का अवसर दिया है और वर्ष-2022 के आम चुनावों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और भारतीय जनता पार्टी राज्य में फिर से सरकार गठित करेगी।
 
उन्होंने कहा कि देश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित है और पड़ोसी देशों के किसी भी शरारतपूर्ण कदम का मुंह तोड़ जवाब देने में पूरी तरह से सक्षम है।
 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व एवं राजनीतिक इच्छाशक्ति के कारण ही धारा 370 का निरसन और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण सम्भव हुआ है।
 
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर धर्मपुर में लोक निर्माण विभाग का वृत कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मण्डप को स्तरोन्नत कर 50 बिस्तर का अस्पताल बनाने, सयोह में स्थित पशु औषधालय को स्तरोन्नत कर पशु अस्पताल बनाने, दराबा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, बनेरड़ी में पशु औषधालय खोलने, धर्मपुर से दिल्ली तक वोल्वो बस सेवा प्रारम्भ करने, क्षेत्र के तीन अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को स्तरोन्नत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा देने और क्षेत्र की दो राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में विज्ञान संकाय की कक्षाएं प्रारम्भ करने की घोषणा की। 
 
जयराम ठाकुर ने संधोल और तनिहार में हेलीपैड के निर्माण, धर्मपुर स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय भवन की मरम्मत के लिए दस लाख रुपये, क्षेत्र की चार सड़कों के लिए दस लाख रुपये प्रत्येक और धर्मपुर बस अड्डे पर इंटरलॉकिंग टाइल्स के लिए 15 लाख रुपये प्रदान करने की भी घोषणा की।

जल शक्ति एवं बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता और विशेषकर मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता का सौभाग्य है कि उन्हें जय राम ठाकुर के रूप में एक ईमानदार और मेहनती मुख्यमंत्री मिला है।
 
उन्होंने कहा कि गत लगभग चार वर्षों में धर्मपुर में अभूतपूर्व विकास हुआ है और इसका श्रेय मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को जाता है। उन्होंने कहा कि धर्मपुर के लोगों के लिए मुख्यमंत्री द्वारा 381 करोड़ रुपये की रिकाॅर्ड 96 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया।
 
उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र प्रदेश के आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के निचले क्षेत्रों में बागवानी विकास सुनिश्चित करने के लिए राज्य के लिए 1688 करोड़ रुपये की शिव परियोजना स्वीकृत की गई है। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों की भी विस्तृत जानकारी दी।
 
ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, सरकाघाट विधायक कर्नल इंद्र सिंह, विधायक द्रंग जवाहर ठाकुर, विधायक जोगिन्द्रनगर प्रकाश राणा, राज्य खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष संजीव कटवाल, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक प्रियव्रत शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष दिलीप ठाकुर, राज्य भाजपा महिला मोर्चा महासचिव वंदना गुलेरिया, एचआरटीसी प्रबंध निदेशक संदीप कुमार, उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।