विधायक हर्षवर्धन को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी , सोनिया गाँधी ने दिल्ली तलब किए 11 सीनियर लीडर 

देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद हिमाचल प्रदेश में सत्ता वापसी के लिए कांग्रेस ने कसरत शुरू कर दी है

विधायक हर्षवर्धन को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी , सोनिया गाँधी ने दिल्ली तलब किए 11 सीनियर लीडर 

 

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  22-03-2022

 

देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद हिमाचल प्रदेश में सत्ता वापसी के लिए कांग्रेस ने कसरत शुरू कर दी है। प्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में रणनीति तैयार करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रदेश के 11 बड़े नेताओं को दिल्ली बुलाया है। इन नेताओं से सोनिया गांधी मंगलवार शाम को बैठक करेंगी।

 

दिल्ली जाने वाले नेताओं में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू, कौल सिंह ठाकुर, विप्लव ठाकुर और कुलदीप कुमार, सांसद प्रतिभा सिंह, विधायक रामलाल ठाकुर, डॉ. धनी राम शांडिल, आशा कुमारी और हर्षवर्धन चौहान शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार उपनेता प्रतिपक्ष और प्रदेश कांग्रेस में तीन कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने हैं। सोनिया गांधी से होने वाली बैठक में इसी पर मंथन होना है।

 

इसके अलावा प्रदेश में कांग्रेस के सदस्यता अभियान को लेकर भी समीक्षा की जानी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की बैठक बुलाई थी। हिमाचल विधानसभा बजट सत्र और होली की वजह से तीन बार यह बैठक टालनी पड़ी थी। बताते है कि हर्षवर्धन चौहान , कौल सिंह ठाकुर, विप्लव ठाकुर और रामलाल ठाकुर आदि सीनियर लीडरों में से एक को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

 

सूत्रों की मानें तो पांचवी बार शिलाई से विधायक बनकर विधान सभा पहुंचे हर्षवर्धन चौहान को बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।  अब देखना यह है की कांग्रेस के इस मंथन से क्या निकलता है।