सेंट्रल जेल नाहन और कंडा में हत्या की सजा काट रहे कैदी बना रहे मास्क

सेंट्रल जेल नाहन और कंडा में हत्या की सजा काट रहे कैदी बना रहे मास्क

यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन   22-March-2020

कभी दूसरों की हत्या और हत्या का प्रयास करने जैसे जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले कैदी अब आम लोगों को कोरोना वायरस से बचाने के लिए दिन-रात मास्क बनाने में जुटे हैं।

प्रदेश की कंडा और नाहन सेंट्रल जेल में कैदी रोजाना हजारों मास्क बना रहे हैं, जिन्हें जेल विभाग की कारा शॉप में लोगों को बेहद सस्ते दामों पर मुहैया कराया जा रहा है।

कुछ अस्पतालों में भी डिमांड के अनुसार ये मास्क सप्लाई किए जा रहे हैं। डीजी जेल सोमेश गोयल ने बताया कि कोरोना का प्रकोप बढ़ने के साथ हिमाचल की जेलों में बंद कैदियों ने अन्य काम बंद कर मास्क बनाने का युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया था।

दोनों जेलों के सुपरिंटेंडेंटों ने मास्क बनाने के लिए खास इंतजाम कराए हैं और मास्क बनाने के दौरान सैनिटाइजेशन का खास ध्यान रखा जा रहा है।

यह भी देखा गया है कि सिर्फ स्वस्थ कैदियों को ही मास्क बनाने के काम में लगाया गया है, ताकि किसी भी तरह के संक्रमण की संभावना को शून्य रखा जा सके।

समय-समय पर मास्क बनाने वाले परिसर को सैनिटाइज भी किया जा रहा है। बताया कि वह खुद इस काम को करने के लिए आगे आए थे।

बता दें, जेल विभाग के हर हाथ को काम अभियान के चलते प्रदेश की जेलों में बंद हजारों कैदी जेल के अंदर ही रहकर विभिन्न तरह के उत्पादों का निर्माण कर पैसा कमा रहे हैं। जेल में रहकर भी वह अपने परिवारों को आर्थिक मदद मुहैया करा रहे हैं।