हिमाचल में अब पेटियों का हिसाब खत्म,किलो के हिसाब से बिकेगा सेब

हिमाचल प्रदेश के बागबानों से अब सेब खरीददार पेटियों के हिसाब से सेब नहीं खरीद पाएंगे। किलो के हिसाब से ही बागबानों से सेब खरीदना पड़ेगा......

हिमाचल में अब पेटियों का हिसाब खत्म,किलो के हिसाब से बिकेगा सेब

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला     07-04-2023

हिमाचल प्रदेश के बागबानों से अब सेब खरीददार पेटियों के हिसाब से सेब नहीं खरीद पाएंगे। किलो के हिसाब से ही बागबानों से सेब खरीदना पड़ेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि बागबानी मंत्री के साथ मिलकर यह फैसला लिया है कि बागबानों के हित के लिए इसी सीजन से यूनिवर्सल कार्टन शुरू किया जाएगा। 

इसके लिए पहले यूनिवर्सल कार्टन बनाने वाली कंपनियों के समक्ष डिमांड रखी जाएगी। अगर यूनिवर्सल कार्टन उपलब्ध नहीं होता है, तो भी सेब किलो के हिसाब से ही मंडियों में बिकेगा, इसके लिए व्यवस्था तैयार की जाएगी। यह व्यवस्था इसी सीजन से लागू होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक बागबानों से पेटियों के हिसाब से सेब खरीदा जाता है। 

22 किलो की एक पेटी 30 से 32 किलो सेब की डिमांड खरीदार करते हैं और बागबानों को 22 किलो पेटी के हिसाब से ही पैसे दिए जाते हैं। इससे हिमाचल के सेब बागबानों को काफी नुकसान उठाना पड़ता है। अब सरकार बागबानों को नुकसान नहीं होने देगी और किलो के हिसाब से ही सेब बिकेगा। 

हिमाचल प्रदेश के बागबान काफी समय से मांग कर रहे थे कि प्रदेश की मंडियों में किलो के हिसाब से सेब खरीदा जाए। इसके लिए बागबान मांग कर रहे थे कि टेलीस्टकोपिक कार्टन के बजाय यूनिवर्सटल कार्टन लागू किया जाए। हालांकि इस निर्णय के बाद सरकार को आढि़तयों व खरीददारों का विरोध भी झेलना पड़ सकता है।