हिमाचल में कोरोना का कहर जारी, बैंक मैनेजर समेत 28 कोरोना पॉजिटिव

हिमाचल में कोरोना का कहर जारी, बैंक मैनेजर समेत 28 कोरोना पॉजिटिव

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 28-08-2020

हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को 28 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। ऊना में 15 और चंबा में 13 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। ऊना जिले में दो बैंक कर्मियों समेत 15 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना की एक महिला कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पाई गई है।

अंब उपमंडल के लोअर अंदौरा का 52 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। यह जम्मू से लौटा है और संस्थागत क्वारंटीन में था। हरोली उपमंडल के गांव सेंसोवाल में 49 वर्षीय महिला और उसका 21 वर्षीय बेटा भी संक्रमित पाए गए हैं। यह परिवार जालंधर से लौटा है।

ऊना उपमंडल के गांव बहडाला का 19 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव पाया गया है, यह संक्रमित के संपर्क में आया था। ऊना शहर के वार्ड दो का 65 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव हुआ है, यह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था और क्षेत्रीय अस्पताल में डायलसिस करवा रहा था।

वहीं ऊना उपमंडल की ही पीएनबी ब्रांच रक्कड़ कालोनी का 35 वर्षीय मैनेजर संक्रमित पाया गया है। संक्रमित के संपर्क में आने के बाद इसका सैंपल लिया था। हरोली उपमंडल के बाथू गांव का 24 वर्षीय युवक पॉजिटिव पाया गया है यह कुवैत से लौटा था और संस्थागत क्वारन्टीन में था।

वहीं कांगड़ा जिला के देहरा के गांव सेहरी के 50 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, यह हरोली के पंजावर में स्थित पीएनबी बैंक का कर्मी है। संक्रमित के संपर्क में आने के बाद इसका सैंपल हुआ था। भडोलियां कलां का 28 वर्षीय सेना का जवान भी संक्रमित पाया गया है। यह उत्तराखण्ड से लौटा था और संस्थागत क्वारंटीन में था।

संतोषगढ़ के वार्ड दो का 44 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना की 36 वर्षीय महिला कर्मी पॉजिटिव पाई गई है। यह भी संक्रमित के संपर्क में आई थी। गांव सलोह का 31 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है।

टक्का गांव की 38 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई है, फ्लू के लक्षणों के चलते इसका सैंपल हुआ था। गगरेट का 29 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव हुआ है। फ्लू के लक्षणों के चलते इसका सैंपल लिया गया था। वहीं ऊना उपमंडल के मलाहत का 24 वर्षीय युवक पॉजिटिव पाया गया है, फ्लू के लक्षणों के चलते इसका सैंपल हुआ था। सीएमओ ऊना डॉक्टर रमन शर्मा ने 15 नए कोरोना पॉजिटिव केस आने की पुष्टि की है।