राज्यों को केंद्र से मिला अब तक 20 करोड़ से ज़्यादा मुफ़्त कोरोना टीका : अनुराग ठाकुर 

राज्यों को केंद्र से मिला अब तक 20 करोड़ से ज़्यादा मुफ़्त कोरोना टीका : अनुराग ठाकुर 

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला   17-05-2021

केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कोरोना महामारी से देशवासियों को बचाने के लिए टीकाकरण अभियान के तहत राज्यों को अब तक 20  करोड़  से  ज़्यादा टीके निशुल्क दिए जाने की जानकारी देते हुए लोगों से कोरोना बचाव हेतु अनिवार्य रूप से मास्क पहनने, साफ़ सफ़ाई रखने व टीकाकरण अवश्य कराने की अपील की है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कोरोना महामारी से देशवासियों को बचाने व राहत पहुँचाने के लिए केंद्र सरकार ने पूरी ताक़त झोंक रखी है।

कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण सबसे प्रभावी उपाय है और इसीलिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भारत में चल रहा है। 

केंद्र सरकार ने अब तक राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक 20 करोड़ से ज़्यादा वैक्सीन (20,76,10,230) प्रदान की हैं। इनमें से बरबाद हो जाने वाली वैक्सीनों को मिलाकर 16 मई, 2021 तक औसतन कुल 18,71,13,705  खुराकों की खपत हुई है। 

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अब भी दो करोड़ से अधिक (2,04,96,525) कोविड वैक्सीन की खुराक मौजूद हैं, जिन्हें अभी लगाया जाना है।

इसके अतिरिक्त लगभग तीन लाख (2,94,660) खुराक आपूर्ति प्रक्रिया में हैं और अगले तीन दिनों के भीतर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भेज दी जायेंगी।

आपदा के समय विपक्ष सरकार के साथ सहयोग करने की बजाए लोगों को गुमराह कर स्थिति तनावपूर्ण करने के लिए प्रयासरत है। इनके अनर्गल विरोध के चलते देशभर में लाखों की संख्या में वैक्सीन बर्बाद हुई ।

कोरोना वैक्सीन विकसित करने की भारतीय चिकित्सा विज्ञानियों की सफलता पर गर्व करने के बजाय विपक्ष ने उन्हें हताश करने वाली बयानबाजी की है।