24 घंटें डयूटी देने के बाद जनसेवा में जुटे पुलिस कर्मी , भूखों का भर रहे पेट

24 घंटें डयूटी देने के बाद जनसेवा में जुटे पुलिस कर्मी , भूखों का भर रहे पेट


यंगवार्ता न्यूज़ - चंबा 02-April-2020

24 घंटों की ड्यूटी देने के बाद पुलिस जवान मानवता का धर्म निभाने से भी पीछे नहीं रह रहे हैं। पुलिस कर्मी अपने घरों और पुलिस मेस में बनने वाले खाने को लाकर लोगों की भूख मिटा रहे हैं।

हालांकि, कर्फ्यू के चलते पुलिस कर्मियों को सख्ती से लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी करनी पड़ रही है। गौरतलब हो कि लॉक डाउन और कर्फ्यू लगने के बाद जिले के विभिन्न जगहों पर बाहरी राज्यों के लोग फंस गए हैं।

ऐसे में दिहाड़ीदार मजदूरों, निर्धनों और मांगकर खाना खाने वाले दिव्यांगों की दिक्कतों में इजाफा हुआ है। अब इन लोगों को दो वक्त की रोटी भी नसीब नहीं हो रही है।

हालांकि, शासन-प्रशासन और समाज सेवक भी ऐसे लोगों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। मगर पुलिस अपने स्तर पर मानवता का धर्म निभाते हुए गरीबों की मदद के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

बुधवार को पुलिस जवानों ने हिमगिरी से चंबा अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों के साथ ठहरे चार युवाओं को भरमौर चौक में जाकर खाना खिलाया।

युवाओं ने बताया कि उन्होंने दो दिनों से खाना नहीं खाया था। इसके अलावा पुलिस चौकी चंबा और पुलिस लाइन चंबा में भी पुलिस जवानों ने भूख से पीड़ित लोगों को खाना खिलाया गया।

पुलिस विभाग असहाय और अधिक बुजुर्ग लोगों को घरद्वार दवाइयां और अन्य खाद्य सामग्री पहुंचा रहे हैं। मानवता के धर्म का पालन करते हुए पुलिस जवानों की सेवा लोगों के लिए प्रेरणादायक बनी हुई है।