26 जनवरी को जोगिंदर नगर से शुरू होगा कांग्रेस का हाथ जोड़ो अभियान : प्रतिभा सिंह 

कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब हिमाचल में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करेगी। 26 जनवरी को इसकी शुरुआत मंडी जिले के जोगिंदर नगर से होगी

26 जनवरी को जोगिंदर नगर से शुरू होगा कांग्रेस का हाथ जोड़ो अभियान : प्रतिभा सिंह 

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला      23-01-2023

कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब हिमाचल में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करेगी। 26 जनवरी को इसकी शुरुआत मंडी जिले के जोगिंदर नगर से होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह 26 जनवरी की सुबह जोगिंद्रनगर से हाथ में तिरंगा और कांग्रेस का झंडा लेकर इस अभियान का शुभारंभ करेंगी। 

इस संबंध में प्रतिभा सिंह ने शिमला में भी प्रेस वार्ता की। मंडी हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता जयराम ठाकुर का गृह जिला है। हाल में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जयराम ठाकुर के गढ़ कहे जाने वाले मंडी जिले की 10 में से 9 सीटों पर करारी हार मिली। 2017 के चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी मंडी जिले की सभी 10 सीटों पर हार गई थी। 

ऐसे में कांग्रेस ने सोची-समझी रणनीति और जयराम के गढ़ में सेंध लगाने के लिए अपने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत के लिए मंडी को चुना है। जोगिंद्रनगर के पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्रपाल ने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा के तहत विधानसभा के हर बूथ तक इस यात्रा को ले जाया जायेगा तथा जिसके तहत लोगों को राहुल गांधी के संदेश का पत्र भेंट किया जाएगा। 

इसी के साथ कांग्रेस आलाकमान द्वारा केंद्र सरकार के विरुद्ध तैयार की गयी चार्ज सीट को लोगों के बीच बांटा जाएगा। ठाकुर ने कहा कि आदि शंकराचार्य के बाद राहुल गांधी देश के ऐसे पहले नेता है, जो कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत जोडो के तहत इतनी लम्बी यात्रा कर रहे है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की तानाशाही और जनविरोधी नीतियों और निर्णयों से देश आज गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है। 

उन्होंने कहा कि देश मे बढ़ती महंगाई बेरोजगारी भाजपा की ही देन है। अकारण नोटबंदी से देश की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। देश का उद्योग जगत अस्त-व्यस्त हो गया है। बेरोजगारी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।