ईडी के साथ अब सीबीआई करेगी फर्जी डिग्री मामले की जाँच, एसआइटी ने ईडी को सौंपा रिकॉर्ड

ईडी के साथ अब सीबीआई करेगी फर्जी डिग्री मामले की जाँच, एसआइटी ने ईडी को सौंपा रिकॉर्ड

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 09-08-2020

सोलन के मानव भारती विश्वविद्यालय के फर्जी डिग्री मामले में हिमाचल की एसआइटी ने प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी को रिकॉर्ड सौंपा दिया है। ईडी ने पुलिस से दर्ज मामलों का रिकॉर्ड तलब किया था। इससे अब संस्थान पर दोहरा शिकंजा कसेगा। केंद्रीय जांच एजेंसी इस बात की जांच करेगी कि डिग्रियां बेचने से हुई काली कमाई का पैसा कहां- कहां खर्च किया गया।

हाल ही में ईडी ने सोलन पुलिस के साथ पत्राचार किया था। इसमें धर्मुपर थाने में दर्ज मामलों का रिकॉर्ड देने को कहा गया था। गौर हो कि हरियाणा के करनाल की रहने वाली एक महिला को गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। मेडिकल रेस्ट के कारण उसे पकड़ा नहीं जा सकता है। वह भी केस की अहम कड़ी है।

वही डिग्रियों का लेन-देन देखती थी। हालांकि दूसरी महिला हिमाचल के कुल्लू निवासी अनुपमा ठाकुर गिरफ्तार हो गई है। आरोप है कि फर्जी डिग्रियों का पैसा इसी के माध्यम से मुख्य आरोपी और विश्वविद्यालय के अध्यक्ष राजकुमार राणा तक पहुंचता था।

राणा की पत्नी और बेटी मानव भारती और राजस्थान के माधव विश्वविद्यालय में ट्रस्टी हैं। मां- बेटी अभी विदेश में हैं। इन्हें ऑस्ट्रेलिया से वापस भारत लाने के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। मुख्य आरोपी राजकुमार राणा को पुलिस पिछले दिनों माधव विश्वविद्यालय भी ले गई थी। वहां कई स्थानों पर दबिश दी गई थी।

इससे उसकी संपत्तियों का पता चला था। कई बैंक खातों को फ्रीज किया गया था। इन खातों की अब जांच चल रही है। वहां से लाए गए रिकॉर्ड को जांचा जा रहा है। डीजीपी पुलिस संजय कुंडू ने बताया कि फर्जी डिग्री मामले की जांच चल रही है।

पुलिस की एसआइटी के अलावा सीआइडी की एसआइटी के पास भी जांच का जिम्मा है। सोलन पुलिस ने तो कई गिरफ्तारियां भी की है। सीआइडी भी अपना कार्य कर रही है। डीएसपी सोलन एंड एसआईटी सदस्य रमेश शर्मा कोरोना के कारण जांच प्रभावित हो रही है। बाहर दबिश नहीं दे पा रहे हैं। हां कब्जे में लिए गए रिकॉर्ड को जांच जा रहा है।