उड़ते पंजाब को बचाने के लिए चाहिए डबल इंजन सरकार : जयराम ठाकुर 

बोले, एक जैसे होने चाहिए डबल इंजन गाड़ियों के टायर

उड़ते पंजाब को बचाने के लिए चाहिए डबल इंजन सरकार : जयराम ठाकुर 
उड़ते पंजाब को बचाने के लिए चाहिए डबल इंजन सरकार : जयराम ठाकुर 

यंगवार्ता न्यूज़ - चंडीगढ़ 11-02-2022
 
पंजाब चुनाव में स्टार प्रचारक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को मोहाली और जालंधर जिलों के तीन विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि जालंधर और पंजाब के लोगों की अपेक्षाओं को कांग्रेस सरकार पूर्ण नहीं कर पाई है। भाजपा की सरकार बनने पर जालंधर ही नहीं बल्कि पूरे पंजाब का समग्र विकास होगा, जनता इस बात से अच्छी तरह से परिचित है।

खरड़ विधानसभा क्षेत्र के नयागांव में भाजपा प्रत्याशी कमलदीप सैनी के पक्ष में वोट मांगे। यहां चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनता से अपील करते हुए कहा कि उड़ते पंजाब को बचाने और नौजवानों को नशे के चंगुल से बाहर निकालने के लिए डबल इंजन की सरकार चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब को सिर्फ भाजपा ही संभाल सकती है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि खरड़ विधानसभा क्षेत्र विकास के लिए तरस रहा है।
 
नयागांव में सीवरेज सिस्टम ही नहीं हैं। यहां तक कि इस क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था नहीं हैं, जो एक गंभीर समस्या है। जयराम ठाकुर ने यहां की जनता से अपील की है कि क्षेत्र का विकास करवाने के लिए भाजपा प्रत्याशी कमलदीप सैनी को विधानसभा पहुंचाएं। इस क्षेत्र के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार बननी चाहिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि डबल इंजन की गाड़ी के टायर भी एक जैसे होने चाहिए।
 
ऐसा न हो कि एक टायर साइकिल और एक टायर ट्रैक्टर का हो। पंजाब में बढ़ रहे नशे पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय से यहां का युवा नशे में फंसता जा रहा हे। उन्हें इस चंगुल से बाहर निकालने के लिए मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। ताकि गुमराह हुए पड़े युवा नौजवानों को बाहर निकाला जा सके। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह गुरुओं की धरती है और गुरुओं ने ही हमें आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया। देश की रक्षा और सुरक्षा की दृष्टि से कोई भी घटना घटती है तो पंजाब और हिमाचल के जवान सबसे आगे रहकर रक्षा करते हैं और शहादत भी देते हैं।
 
 मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पंजाब की कांग्रेस सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रश्नचिन्ह लगाया। उन्होंने कहा कि अफसोस की बात है कि पांच जनवरी को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के विकास में योगदान देने के लिए यहां पहुंचे तो उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया गया। जिस वजह से कार्यक्रम भी रद्द करना पड़ा। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस राज्य के मुख्यमंत्री संवैधानिक पद पर बैठे हैं, जो अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुए हैं।
 
इसलिए यहां के विकास में चार चांद लगाने के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा से ही पंजाब के विकास में योगदान दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में ही पूरा माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भी उन्होंने चुनावी जनसभाएं की, वहां की जनता ने पूरा मन बना लिया है कि अबकी बार पंजाब में भाजपा गठबंधन की सरकार बनेगी।