चम्बा को 196 करोड़ रुपये की सौगाते , मुख्यमंत्री ने किये कई योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास 

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज चंबा जिला के चंबा विधानसभा क्षेत्र के चौगान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 196 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास

चम्बा को 196 करोड़ रुपये की सौगाते , मुख्यमंत्री ने किये कई योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास 


यंगवार्ता न्यूज़ - चंबा  14-04-2022


मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज चंबा जिला के चंबा विधानसभा क्षेत्र के चौगान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 196 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास करने के उपरांत साहो में उप तहसील और जल शक्ति मंडल खोलने, ग्वार्ड, धनोटी, तडोली और भुज्जा में प्राथमिक विद्यालयों का स्तरोन्यन, सार, परेल और छतरडी के प्राथमिक विद्यालयों को माध्यमिक विद्यालयों में स्तरोन्नत करने, कडेड़, रान और ओड़ा के उच्च विद्यालयों को वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में स्तरोन्नत करने, धबड़ें  में पशु चिकित्सा औषधालय खोलने, पलहुई, कैला और ककियां में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंगला और जडेरा में विज्ञान की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की।

 

उन्होंने कहा कि नए बस स्टैंड से चौगान तक 25 करोड़ रुपये की लागत से रोप-वे निर्मित किया जाएगा और इसे स्वीकृति के लिए केंद्र को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि चंबा को उड़ान योजना के अन्तर्गत शामिल करने का प्रयास किया जाएगा ताकि चंबा से शिमला और चंडीगढ़ के लिए उड़ानें शुरू की जा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 123 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाआंे के शिलान्यास करने के साथ 73 करोड़ रुपये की 22 विकासात्मक परियोजनाओं को समर्पित कर इतिहास रच दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चंबा जिले को आकांक्षी जिले के रूप में चुना गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि विकास की गति को तेज करने के लिए केंद्र से सीधे विशेष धनराशि उपलब्ध हो।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी चंबा जिले के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि इस मौसम में भारी बर्फबारी के बावजूद राज्य सरकार ने जिले को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के लिए 800 करोड़ रुपये की विशेष सहायता प्रदान की है और यह केंद्र और राज्य में डबल इंजन सरकारों के कारण संभव हो पाया है। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य में पर्यटन के विकास के लिए केंद्र सरकार ने 2100 करोड़ रुपये की परियोजना प्रदान की है। उन्होंने कहा कि जल शक्ति, उद्यान, ऊर्जा इत्यादि के तहत राज्य के लिए कई परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।

 

उन्होंने कहा कि वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज देने में भी हिमाचल देश का पहला राज्य बन कर उभरा है। उन्होंने कहा कि विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू कर देश के 137 करोड़ लोगों को निःशुल्क टीका उपलब्ध करवाया गया। मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने हिमाचली थीम सॉंग भी जारी किया। मुख्यमंत्री ने सनवर गांव के 105 वर्षीय श्री दास के साथ बातचीत की। श्री दास वरिष्ठ नागरिकांे को प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने के लिए विशेष रूप से अपने गांव से चम्बा आए थे।

 

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एक बूटा बेटी के नाम योजना के अन्तर्गत एक मॉं को पौधा भी प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पदमश्री ललिता वकील, ब्लैक बेल्ट कराटे विजेता नीलम कुमारी, कबड्डी खिलाड़ी चम्बा ठाकुर और डॉ. निधिकिया को शॉल और हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इसके उपरान्त, आउटसोर्स इम्प्लाइज़ एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से भेंट की। मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। सांसद किशन कपूर ने कहा कि केन्द्र व राज्य की डबल इंजन सरकार द्वारा देश व राज्य में संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण केन्द्र व राज्य की डबल इंजन सरकारों द्वारा ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा देश के लोगों को पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 60 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

 

स्थानीय विधायक पवन नैय्यर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के बावजूद मुख्यमंत्री द्वारा जिला चम्बा का विकास सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने चम्बा विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान चम्बा में अभूतपूर्व विकास सुनिश्चित किया गया है इस तरह राज्य सरकार का वर्तमान कार्यकाल चम्बा विधानसभा क्षेत्र के लिए वरदान साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से क्षेत्र में 94 सार्वजनिक कार्य योजनाएं प्रगति पर हैं।

 

इस अवसर पर भाजपा मण्डलाध्यक्ष विनोद कुमार ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। मुख्य सचेतक बिक्रम सिंह जरयाल, विधायक भरमौर जिया लाल कपूर, जिला भाजपा अध्यक्ष एवं एपीएमसी अध्यक्ष डी.एस. ठाकुर, अनुसूचित जाति एवं जनजाति निगम के अध्यक्ष जय सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैय्यर, उपायुक्त चम्बा डी.सी. राणा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।