तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा के 88वें जन्मदिन पर सीएम सुक्खू ने दी शुभकामनाएं

तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा 88 वर्ष के हो गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने धर्मशाला के मैक्लोडगंज में दलाई लामा से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं

तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा के 88वें जन्मदिन पर सीएम सुक्खू ने दी शुभकामनाएं

यंगवार्ता न्यूज़ - धर्मशाला   06-07-2023

तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा 88 वर्ष के हो गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने धर्मशाला के मैक्लोडगंज में दलाई लामा से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने आध्यात्मिक गुरू दलाई लामा को सम्मानित भी किया। 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि तिब्बती समुदाय के लोगों और प्रदेश के बीच 75 वर्षों का गहरा रिश्ता है। उन्होंने दोनों समुदायों के बीच सौहार्दपूर्ण सह-अस्तित्व पर प्रकाश डाला और आश्वस्त किया कि राज्य सरकार तिब्बती समाज के कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहेगी।

सीएम सुक्खू ने कहा कि आध्यात्मिक गुरू दलाई लामा की जीवन यात्रा, दृढ़-निश्चय समर्पण और संघर्षों से भरी है। उन्होंने सभी से दलाई लामा की शिक्षाओं और अनुभवों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया और कहा कि उनके विचारों को आत्मसात करते हुए हमें अध्यात्म के पथ पर आगे बढ़ना चाहिए। 

दलाई लामा अहिंसा, करुणा और भाईचारे का प्रतीक हैं तथा दुनियाभर में प्रेम, शांति और भाईचारे के अग्रदूत के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने तिब्बत और वहां के लोगों के अधिकारों के लिए दलाई लामा के अथक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दलाई लामा को इन्हीं प्रयासों के फलस्वरूप नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।