अब लोकल केबल नेटवर्क के माध्यम से पढ़ेगें सरकारी स्कूलों के बच्चें 

अब लोकल केबल नेटवर्क के माध्यम से पढ़ेगें सरकारी स्कूलों के बच्चें 

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला   19-08-2020

हिमाचल के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अब लोकल केबल टीवी के माध्यम से भी पढ़ाने की तैयारी है। केंद्रीय सचिव स्कूल शिक्षा अनिता करवाल के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंस में प्रदेश सरकार ने इस योजना को साझा किया। 

प्रदेश के शिक्षा सचिव राजीव शर्मा ने बताया कि कुल साढ़े आठ लाख विद्यार्थियों में से करीब नब्बे हजार बच्चों तक अभी पूरी तरह से पहुंच नहीं है। ऐसे में दूरदर्शन, रेडियो, व्हाट्सएप ग्रुप के बाद अब लोकल केबल टीवी के विकल्प पर भी विचार जारी है। 

इसके अलावा स्मार्ट मोबाइल फोन से वंचित बच्चों तक नोट्स भी पहुंचाए जा रहे हैं। सचिवालय में मंगलवार दोपहर बाद हुई वीडियो कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय शिक्षा सचिव स्कूल शिक्षा ने कहा कि कोरोना संकट के दौरान बाहरी राज्यों से लौट रहे प्रवासी कामगारों के बच्चों को भी स्कूलों में दाखिला दिया जाए।

प्रमाणपत्र लेने के लिए बहुत अधिक औपचारिकताओं में उन्हें न उलझाया जाए। कई प्रवासियों के पास अभी सभी दस्तावेज नहीं है। ऐसे में उनके बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। 

बैठक के दौरान नई शिक्षा नीति को भी जल्द से जल्द लागू करने को कहा गया। प्रदेश का पक्ष रखते हुए शिक्षा सचिव राजीव शर्मा ने बताया कि दूरदर्शन के माध्यम से पढ़ाई करवाई जा रही है। ऑल इंडियो रेडियो से भी दसवीं-जमा दो कक्षा की पढ़ाई जल्द शुरू की जाएगी। 

लाहौल स्पीति जिला में शिक्षक बच्चों के घरों में जाकर उन्हें दस-दस दिन का काम देकर आ रहे हैं। दस दिन बाद जाकर काम की जांच की जा रही है। स्मार्ट मोबाइल फोन से वंचित छोटे बच्चों को वर्क बुक दी जा रही है। बड़े बच्चों को नोट्स उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।