पश्चिम बंगाल में 200 से अधिक सीटें जीतेगी भाजपा , कोलकाता में नड्डा ने  ममता बनर्जी पर साधा निशाना 

पश्चिम बंगाल में 200 से अधिक सीटें जीतेगी भाजपा , कोलकाता में नड्डा ने  ममता बनर्जी पर साधा निशाना 

न्यूज़ एजेंसी - कोलकाता  09-12-2020

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मिशन बंगाल को लेकर दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को कोलकाता पहुंचे। कोलकाता में ढोल नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। कोलकाता एयरपोर्ट पर भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता नड्डा का स्वागत करने पहुंचे थे। यहां भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने शंख ध्वनि के साथ जेपी नड्डा का अभिवादन किया।

 इसके बाद भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कोलकाता के हेस्टिंग्स में भाजपा के चुनावी कार्यालय समेत 9 कार्यालयों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। हेस्टिंग्स में कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा अध्यक्ष को काले झंडे भी दिखाए और उनके विरोध में जमकर नारेबाजी की। वहीं, इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नड्डा ने तृणमूल सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि ममता बनर्जी असहिष्णुता का दूसरा नाम है।

 

उन्होंने कहा कि कवि गुरु रवींद्र नाथ टैगोर जी ने जिस तरह से देश को दृष्टि दी वो सभी जानते हैं, लेकिन आज बंगाल में असहिष्णुता बढ़ती जा रही है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कार्यालय संस्कार के केंद्र हैं, भाजपा कार्यालय से चलती हैं। अन्य पार्टियाँ घरों से चलती हैं, यहीं उनके कार्यालय हैं। अन्य दलों के लिए परिवार ही पार्टी है, तृणमूल भी इससे अलग नहीं है, वो भी परिवार की पार्टी बन गई है, लेकिन भाजपा के लिए पार्टी ही परिवार है।

नड्डा ने आगे कहा कि बंगाल में भाजपा ने एक लंबी लड़ाई लड़ी है। नौ साल पहले बंगाल में हमारा वोट फीसदी 4 था। 2014 के लोकसभा चुनाव में हमारी सीटें 2 हो गई और हमारा वोट फीसदी 18 पहुंचा। 2019 में हमारी सीटें 18 हुई और हमारा वोट फीसदी 40 पर पहुंच गया। उन्होंने कहा कि 2021 के चुनाव में भाजपा अब अंतिम छलांग लगाते हुए 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी।  बता दें कि नड्डा इस बार बंगाल में अपने चुनावी मिशन की शुरुआत सीएम ममता बनर्जी के गढ़ से ही करेंगे। नड्डा शाम में ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में जनसंपर्क रैली करेंगे तो गुरुवार को उनके निशाने पर ममता बनर्जी के भतीजे सांसद अभिषेक बनर्जी रहेंगे।

दस दिसंबर को जेपी नड्डा अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र डायमंड हॉर्बर में रैली करेंगे। दरअसल, भाजपा के रणनीतिकारों ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के क्षेत्र में पार्टी के गहन प्रचार अभियान को ममता के गढ़ में सॢजकल स्ट्राइक का नाम दिया है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा ममता बनर्जी के क्षेत्र भवानीपुर और अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र डायमंड हॉर्बर में 4 महीने का आक्रामक अभियान चलाने की रणनीति बना रही है। नड्डा दो दिनों के अपने अभियान से इसकी शुरुआत कर रहे हैं।