मनाली में बादल फटने से आई बाढ़ की चपेट में आया अस्थाई पुल , रेस्तरां हुआ जलमग्न

हिमाचल में बारिश का दौर जारी है। सोमवार सुबह पर्यटन नगरी मनाली के सोलंगनाला के साथ लगते सेरी नाला में बादल फट गया , जिसके चलते ब्यास नदी में बाढ़ आ गई

मनाली में बादल फटने से आई बाढ़ की चपेट में आया अस्थाई पुल , रेस्तरां हुआ जलमग्न


यंगवार्ता न्यूज़ - कुल्लू  25-07-2022

 

हिमाचल में बारिश का दौर जारी है। सोमवार सुबह पर्यटन नगरी मनाली के सोलंगनाला के साथ लगते सेरी नाला में बादल फट गया , जिसके चलते ब्यास नदी में बाढ़ आ गई।  वहीं, ब्यास नदी में बाढ़ आने के चलते पलचान व मनाली के बीच नदी किनारे बने कुछ खोखों व रेस्तरां को भी नुकसान हुआ। 

 

बादल फटने के बाद ब्यास नदी में पानी का जलस्तर काफी बढ़ गया, जिसके चलते जिला प्रशासन ने भुंतर तक हाई अलर्ट कर दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक तेज बारिश के बाद नदी और नालों में आई बाढ़ की आवाज से उनकी नींद टूटी। मनाली के साथ लगते चढ़ियारी में निर्माणाधीन रेस्तरां भी बाढ़ की चपेट में आ गया। 

 

गनीमत रही कि रेस्‍तरां में कोई भी नहीं था। अचानक नदी का बहाव बढ़ने के बाद रेस्तरां जलमग्न हो गया। सोलंग के ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले ही अस्थायी पुल बनाया था वह फिर से बाढ़ में बह गया। सोलंगनाला, अंजनी महादेव व रोहतांग की तरफ से आ रही सहायक नदियों में बाढ़ आने से पानी का स्तर बढ़ गया। 

 

बाढ़ का पानी जैसे ही पलचान पुल तक पहुंच गया तो लोग सहम उठे। एसडीएम मनाली ने सोलंगनाला से रायसन तक के पंचयात प्रधानों को सूचित कर अलर्ट किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने भी नदी किनारे रहने वाले लोगों को सायरन बजाकर सतर्क किया। 

 

हालांकि, बाढ़ से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन उफनते नदी-नाले खतरे की घंटी जरूर बजा रहे हैं।