रणधीर शर्मा ने हिमाचल के कांग्रेसी नेताओं पर कोरोना संकटकाल में राजनीति करने का लगाया आरोप 

रणधीर शर्मा ने हिमाचल के कांग्रेसी नेताओं पर कोरोना संकटकाल में राजनीति करने का लगाया आरोप 

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला   11-05-2021

भाजपा हिमाचल प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने हिमाचल प्रदेश के कांग्रेसी नेताओं पर कोरोना महामारी के इस संकटकाल में राजनीति करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा की यह महामारी इस प्रदेश या देश की नहीं अपितु पूरी दुनिया में फैली है और जिस का मुकाबला करने में बड़े-बड़े देशों की सरकारें भी असफल साबित हुई है। परंतु भाजपा का मानना है कि इस महामारी का मुकाबला सरकार और समाज एकजुट होकर ही कर सकता है। 

रणधीर शर्मा ने कहा की जिस प्रकार से कांग्रेस पार्टी के नेता आए दिन इस महामारी को लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार को दोषी ठहरा रहे हैं। वह उनकी संकुचित मानसिकता को दर्शाता है।

रणधीर शर्मा ने कहा की हिमाचल प्रदेश सरकार शुरू से ही हर संभव कोशिश कर रही है कि कोरोना महामारी की इस दूसरी लहर के कहर से जनता को कैसे बचाया जा सके। 

इसके लिए स्वयं मुख्यमंत्रीय जिला मुख्यालयों तक खुद जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्थिति अनुसार दिशा निर्देश भी दे रहे हैं। 

हिमाचल प्रदेश में कहीं कोई ऑक्सीजन की कमी नहीं आ रही है और संक्रमित व्यक्तियों के लिए बेड भी उपलब्ध है, यह सरकार की दूरदर्शिता का परिचय देता है।

आज प्रदेश में 5000 बेड की व्यवस्था प्रदेश सरकार कर चुकी है यह प्रदेश की दूरगामी सोच और इस महामारी से लड़ने के दृढ़ निश्चय को दर्शाता है।

उन्होंने कहा आज ऑक्सीजन के नए प्लांट हर मेडिकल कॉलेज में, हर जिला मुख्यालय में लग रहे हैं और इसके लिए केंद्र सरकार भी पूरा सहयोग दे रही है।

वर्तमान समय में आवश्यकता है कि सभी राजनीतिक दल, सामाजिक संस्थाएं एवं धार्मिक संगठन अपने मतभेद भुलाकर एकजुट होकर इस महामारी के खिलाफ लड़ें और जनता को जागरूक करें ताकि इस महामारी से बचा जा सके।

भाजपा केंद्र एवं प्रदेश सरकारों के प्रयासों की सराहना करती है, आज भाजपा अपने स्तर पर भी जनसेवा के कार्य में लगी है सेवा ही संगठन भाग-2 के अंतर्गत जहां कोविड-19 से संक्रमित व्यक्ति की हर संभव मदद कर रही है तो दूसरी तरफ गरीबों की आवश्यकताओं को पूर्ण करने का पूर्ण प्रयास कर रही है।