सीएम की घोषणा के 2 दिन में ही थुनाग में बाढ़ प्रभावित परिवारों को एक-एक लाख की राहत राशि प्रदान 

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की थुनाग में बाढ़ प्रभावितों को 1-1 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा के 2 दिन के भीतर ही प्रभावित परिवारों को यह राहत राशि मिल भी गई

सीएम की घोषणा के 2 दिन में ही थुनाग में बाढ़ प्रभावित परिवारों को एक-एक लाख की राहत राशि प्रदान 

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी   15-07-2023

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की थुनाग में बाढ़ प्रभावितों को 1-1 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा के 2 दिन के भीतर ही प्रभावित परिवारों को यह राहत राशि मिल भी गई। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को थुनाग में 9 प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से यह राहत राशि वितरित की। 

इस मौके सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी साथ रहीं। बता दें, मुख्यमंत्री ने वीरवार को थुनाग के अपने दौरे में बाढ़ प्रभावितों का दुख दर्द बांटते हुए उन्हें सरकार की ओर से 1-1 लाख रुपये देने की घोषणा की थी।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा है कि सरकार का प्रभावितों को राहत देने और पुनर्वास पर विशेष ध्यान है। उन्होंने थुनाग बाजार में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के उपरांत राहत-पुनर्वास कार्यों की समीक्षा को बुलाई एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि भारी वर्षा और बाढ़ के कारण बंद सड़कों को खोलने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। 

इस दौरान सांसद प्रतिभा सिंह ने राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए सांसद निधि से 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरी सरकार मजबूती से लोगों के साथ खड़ी है। सांसद के तौर पर क्षेत्र के प्रतिनिधि के नाते वे अपनी ओर से हर सम्भव मदद के लिए कटिबद्ध हैं।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व पूर्व मिल्कफैड के अध्यक्ष चेत राम ठाकुर, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष तरूण ठाकुर और सराज मंडल के युवा अध्यक्ष गोपाल सहगल सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।