सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने में नाकाम रही कांग्रेस : सुरेश

सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने में नाकाम रही कांग्रेस : सुरेश

यंगवार्ता न्यूज़ - ऊना 29-08-2020

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल कांग्रेस नेतृत्व विहीन हो गई है। प्रदेश के अलग-अलग कोने से कांग्रेस नेता बोलते हैं। कांग्रेस टुकड़ों में बंटी है। कभी लंच तो कभी डिनर डिप्लोमेसी होती है, जबकि भाजपा एकजुट है।

ऊना जिले के घालुवाल में पत्रकार वार्ता में सुरेश कश्यप ने कांग्रेस पर तीखा बोला। कहा कि विपक्ष सकारात्मक भूमिका निभाए। कोरोना काल में भी सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है, लेकिन विपक्ष को यह हजम नहीं हो रहा है।

कांग्रेस नेता संकट की घड़ी में घरों से निकले नहीं और अब ज्ञान बांट रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि वह कोरोना संकट में अपना योगदान बताएं। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार में तालमेल है।

प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और पन्ना प्रमुख तक विस्तारक योजना के तहत प्रशिक्षण शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन अच्छे ढंग से काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया है कि 2022 में भाजपा फिर हिमाचल में सरकार बनाएगी।

पत्रकार वार्ता में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के कोरोना संकट के बीच किए कार्यों को भी गिनाया। उनके साथ औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार और अन्य भी मौजूद रहे।

जमीन खरीद को लेकर मंत्री पर लगे आरोप के प्रश्न पर सुरेश कश्यप ने कहा कि आरोप लगते रहते हैं, लेकिन जब तक आरोप सिद्ध नहीं हो जाते हैं तब तक गलत नहीं माना जा सकता है। भाजपा संगठन उन्होंने कहा कि सरकार अपना और संगठन अपना काम कर रहा है।