पर्यावरण संरक्षण के साथ ही सतत् विकास सम्भव : डाॅ. शांडिल

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डाॅ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से सबक लेकर हमें भविष्य में पर्यावरण संरक्षण को अधिमान देते हुए निर्माण कार्यों को योजनाबद्ध करना होगा।

पर्यावरण संरक्षण के साथ ही सतत् विकास सम्भव : डाॅ. शांडिल

यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन     18-07-2023
 
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डाॅ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से सबक लेकर हमें भविष्य में पर्यावरण संरक्षण को अधिमान देते हुए निर्माण कार्यों को योजनाबद्ध करना होगा। 

डाॅ. शांडिल आज सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत काहला तथा सायरी के विभिन्न क्षेत्रों में गत दिनों भारी वर्षा से हुए नुकसान का जायज़ा लेने के उपरांत प्रभावित परिवारों से बातचीत कर रहे थे।

डाॅ. शांडिल ने कहा कि प्रकृति से पार पाना सम्भव नहीं है। इसलिए यह आवश्यक है कि प्रकृति के साथ तालमेल स्थापित कर विकास कार्योें को गति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विकास को गति प्रदान करना आवश्यक है। 

इस दिशा में आमजन का साथ जरूरी है। स्वास्थ्य मंत्री इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के साथ है और प्रभावितों केे नुकसान की भरपाई के लिए यथा संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि भारी वर्षा से अब तक सोलन ज़िला में 365 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है। केवल शामती क्षेत्र में ही 120 करोड़ रुपए का नुकसान 
हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्षा से जो नुकसान हो रहा है यह प्रकृति से छेड़छाड़ का नतीजा भी है। यदि हम प्रकृति को नहीं समझे और प्रकृति के साथ छेड़छाड़ करते रहे तो इसके और गंभीर परिणाम हो सकते हैं। 

स्वास्थ्य मंत्री ने ग्राम पंचायत काहला के गांव दोवठी में माघो राम शर्मा, भूप राम और प्रभु देवी के क्षतिग्रस्त हुए मकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने सायरी में भी आपदा प्रभावित क्षेत्र का जायज़ा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।  

इस अवसर पर ग्राम पंचायत काहला की प्रधान रीता देवी, ग्राम पंचायत सायरी की प्रधान मंजू राठौर, ग्राम पंचायत काहला के उप प्रधान राजेश कुमार ठाकुर, ग्राम पंचायत सायरी के उप प्रधान संजीव मेहता, खण्ड विकास अधिकारी कण्डाघाट नरेश शर्मा, नायब तहसीलदार ममलीग सुरेन्द्र चंदेल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।