265 दिन बाद शुरू हुई देश के सबसे लंबे लेह-दिल्ली रूट पर बस सेवा ,1740 रुपए में होंगे खूबसूरत वादियों के दीदार

देश के सबसे लंबे लेह-दिल्ली रूट पर 265 दिन बाद बस सेवा शुरू हो गई है। केलांग बस अड्डे से सुबह 5:30 बजे बस लेह के लिए रवाना की गई। 46 सीटर बस में केलांग से 20 पर्यटक लेह के लिए रवाना हुए। 1026 किलोमीटर लंबे इस रूट पर सैलानी 1736 रुपये किराये में लेह-मनाली-दिल्ली के बीच सुहाने सफर का आनंद उठा

265 दिन बाद शुरू हुई देश के सबसे लंबे लेह-दिल्ली रूट पर बस सेवा ,1740 रुपए में होंगे खूबसूरत वादियों के दीदार

 

यंगवार्ता न्यूज़ - केलांग  08-06-2023
 
देश के सबसे लंबे लेह-दिल्ली रूट पर 265 दिन बाद बस सेवा शुरू हो गई है। केलांग बस अड्डे से सुबह 5:30 बजे बस लेह के लिए रवाना की गई। 46 सीटर बस में केलांग से 20 पर्यटक लेह के लिए रवाना हुए। 1026 किलोमीटर लंबे इस रूट पर सैलानी 1736 रुपये किराये में लेह-मनाली-दिल्ली के बीच सुहाने सफर का आनंद उठा सकेंगे। पिछले साल यह बस 15 मई को शुरू हुई थी। इस बार जून तक बर्फ गिरने से बस सेवा 23 दिन देरी से शुरू हुई। 
 
 
30 घंटे के सफर में पर्यटक दिल्ली से हरियाणा, पंजाब, हिमाचल और लेह-लद्दाख का सैर-सपाटा कर सकेंगे। सफर में उन्हें समुद्रतल से 16,500 फीट ऊंचे बारालाचा, 15,547 फीट नकिल्ला, 17,480 फीट तंगलांगला और 16, 616 फीट ऊंचे लाचुंग दर्रे में बर्फ से ढके पहाड़ों के नजारे का भी अनुभव होगा। देश की राजधानी दिल्ली से टूरिस्ट और स्थानीय लोग अब सीधे लेह पहुंच सकेंगे। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम ने दुनिया के सबसे ऊंचे रूट दिल्ली-लेह पर लगभग 9 महीने बाद बस सेवा शुरू कर दी है। 
 
 
पहले ही दिन केलांग से 30 यात्री अपने अगले पड़ाव की ओर बस में निकले।निगम ने ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू कर दी है। इस रूट पर बस सेवा शुरू होने से लोग अब दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल समेत लेह-लद्दाख की सैर एक ही बस से कर पाएंगे। 2022 के पहले यह बस सेवा जुलाई के बाद शुरू होती थी। एचआरटीसी के केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने बताया कि वीरवार से केलांग बस अड्डा से लेह-मनाली-दिल्ली रूट की बस सेवा शुरू कर दी है। 
 
 
 
दिल्ली से लेह के लिए यह बस दोपहर 2:40 बजे रवाना होगी और केलांग से सुबह पांच बजे लेह जाएगी। लेह से दिल्ली के लिए सुबह 3:30 बजे रवाना होगी। बस का रात्रि ठहराव केलांग में होगा। अगली सुबह 10:30 बजे केलांग से दिल्ली रवाना होंगी। लगातार 30 घंटे के सफर में तीन चालक और दो परिचालक सेवाएं देंगे। पहला चालक बस को केलांग पहुंचाएगा। दूसरा केलांग से बिलासपुर, तीसरा बिलासपुर से दिल्ली तक सेवा देगा। दो परिचालकों में एक लेह से केलांग और दूसरा केलांग से दिल्ली तक ड्यूटी पर रहेगा।