किसानों के समर्थन में 2 से 10 अक्तूबर तक आंदोलन करेगी कांग्रेस : राजीव शुक्ला

किसानों के समर्थन में 2 से 10 अक्तूबर तक आंदोलन करेगी कांग्रेस : राजीव शुक्ला

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 25-09-2020

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मेरे बारे में ठीक कहा है कि मैं हिमाचल के बारे में अनभिज्ञ हूं। प्रदेश में कोरोना को लेकर क्या स्थिति है, यह सरकार के नंबर दो मंत्री महेंद्र सिंह ने स्पष्ट कर दी है।

मंत्री से बेहतर कोई और नहीं जान सकता है। उनकी कही बात अखबारों की सुर्खियां बनी हैं। चुनाव धन-बल से नहीं, बल्कि जन बल से जीते जाते हैं। शुक्ला ने शुक्रवार को राजीव भवन में प्रेस सम्मेलन में कहा कि किसान बिल किसानों-बागवानों के अहित में ही नहीं है, बल्कि इससे सभी वर्ग परेशान हैं।

सभी वर्ग के लोग इसका विरोध कर रहे हैं। कृषि बिल और जीएसटी को लेकर कांग्रेस ने जो सुझाव दिए थे, मोदी सरकार ने उन्हें नहीं माना। कांग्रेस किसानों के समर्थन में 2 से 10 अक्तूबर तक आंदोलन करेगी। रिज मैदान शिमला में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने 2 अक्तूबर को किसान बिल के विरोध में जुलूस निकाला जाएगा।

दस अक्तूबर तक प्रदेश भर में आंदोलन और प्रदर्शन होगा। शुक्ला ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस एकजुट है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव जीतकर पार्टी सत्ता में आएगी। कहा कि प्रदेश में विकास थम गया है। हिमाचल का विकास कांग्रेस ही कर सकती है।

कोरोना काल में प्रदेश कांग्रेस से भेजे 12 करोड़ के चर्चित बिल के बारे में कहा कि जब हाईकमान ने कह दिया है कि कोई बिल नहीं मिला तो बात खत्म हो गई।

उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष लोकतांत्रित तरीके से चुना जाना चाहिए तो शुक्ला बोले , इस संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पहले ही साफ किया है कि सभी की राय को ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में महा गठबंधन की सरकार बनना तय है।